आज से दो तरह का मौसम! आधे राजस्थान को बारिश का रहेगा इंतजार
राजस्थान में पिछले सप्ताह हुई झमाझम बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार में कुछ नरमी आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार आज 14 अगस्त से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जाएगी। हालांकि, उत्तरी व उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तटीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश पर बना वेल माक्र्ड लो प्रेशर एरिया अब डिप्रेशन में तब्दील हो चुका है। यह वर्तमान में कोलकाता से करीब 40 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है और अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम की ओर गांगेय पश्चिम बंगाल व झारखंड की तरफ बढ़ेगा। इसके अलावा, मानसून ट्रफ लाइन फिरोजपुर, मुजफ्फरनगर, बाराबंकी और देहरी से होती हुई इस डिप्रेशन के केंद्र तक पहुंच रही है।

No comments