झीलों की नगरी में बनेगा देश का पहला आर्किटेक्ट्स टॉवर
झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत के कारण राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाने जा रही है. शहर के शोभागपुरा सर्किल पर देश का पहला सार्वजनिक आर्किटेक्ट्स टॉवर बनाया जाएगा. लगभग 35 फीट ऊंचा यह स्मारक भारतीय वास्तुकला, शिल्प और सृजनशील परंपरा को समर्पित होगा.
यह टॉवर पंद्रहवीं शताब्दी के महान सूत्रधार और वास्तुविद मंडन की स्मृति में तैयार किया जाएगा. मंडन ने महाराणा कुंभा के प्रधान वास्तुविद के रूप में कुंभलगढ़ दुर्ग सहित अनेक ऐतिहासिक दुर्गों, मंदिरों और स्थापत्य संरचनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. यह स्मारक उनके अद्वितीय योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा.

No comments