एसओजी का बड़ा खुलासा: चूरू की यूनिवर्सिटी से लेक्चरर ने बनवाई थी फर्जी मार्कशीट, अब शक के घेरे में कई और टीचर
राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्राध्यापक (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 में फर्जी दस्तावेज के जरिये नौकरी पाने वाले आरोपी शिक्षक से एसओजी सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि इस खेल में कई अन्य शिक्षक भी शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि एसओजी ने चौमूं निवासी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार किया है, जो दिवराला (सीकर) के सरकारी स्कूल में व्याख्याता पद पर तैनात था। आरोपी ने ओपीजेएस विश्वविद्यालय, चूरू के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर बैंक डेट में वर्ष 2020-22 की बीएड और 2018-20 की एमएससी (एग्रीकल्चर) की फर्जी मार्कशीट तैयार करवाई थी। आरोपी फिलहाल पांच दिन के रिमांड पर है।

No comments