जयपुर में अंधड़-तेज बारिश, दौसा-सीकर में भी बदला मौसम, आज 16 जिलों में अलर्ट
राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी भी जारी है। शनिवार सुबह जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में बारिश के साथ आए अंधड़ से कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए।
मौसम केंद्र जयपुर ने आज 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मई के पहले 15 दिन मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा। शुक्रवार शाम को भी अजमेर, जयपुर, नागौर के कई इलाकों में हल्की बरसात हुई थी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे राजधानी में तेज बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई बरसात से गर्मी से राहत मिली है। घने बादल छाने के कारण रोशनी काफी कम हो गई।
मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मई के शुरुआती दो हफ्तों में लगातार आंधी-बारिश का दौर चलेगा। सामान्यत: मई में 5 से 6 दिन आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदलने के आसार हैं।

No comments