पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया
जेवर/नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल किया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों करने का अवसर उन्हें मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र को बड़ा लाभ देगा। साथ ही किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
एयरपोर्ट का पहला चरण करीब 3300 एकड़ में विकसित किया गया है, जिसमें एक रनवे और टर्मिनल शामिल है। इसकी सालाना यात्री क्षमता लगभग 3 करोड़ यात्रियों की होगी। पूरा प्रोजेक्ट 52 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments