कार चोरी करने के बाद मौके पर छोड़ी बाइक भी चोरी की निकली
श्रीगंगानगर के जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी में दो दिन पूर्व चोरी की कार को पुलिस ने मटीलीराठान इलाके से लावारिस हालत में बरामद कर ली है। इस कार को चोरी करने वालों ने कार की जगह एक बाइक छोड़ी थी, वह भी चोरी की निकली। पुलिस अब चोरों के बारे में सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
जांच अधिकारी एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि मटीलीराठान पुलिस ने अल्टो कार को अपने कब्जे में लेकर सूचना दी थी। कार को वहां से बरामद कर लिया गया है। कार में बैटरी नहीं थी। संभावना है कि कार में ईंधन खत्म होने पर अज्ञात चोर गाड़ी को मटीलीराठान इलाके में छोड़ कर भाग गये। घटना की रात अत्यधिक धुंध होने के कारण सीसीटीवी फुटेज मेें कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है। घटनास्थल राजपूत कॉलोनी के भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये, लेेकिन कुछ सुराग नहीं मिले।

No comments