Breaking News

हनुमानगढ़ एथेनॉल फैक्ट्री विवाद फिर भड़का, किसानों ने खारिज की सहमति

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा गांव में निर्माणाधीन एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर किसानों का आंदोलन एक बार फिर उफान पर आ गया है। कल जिला कलेक्ट्रेट में प्रशासन, भाजपा नेताओं और किसान प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई लंबी वार्ता में बनी सहमति को किसान नेताओं ने पूरी तरह खारिज कर दिया। 
उन्होंने इसे महज खानापूर्ति करार देते हुए फैक्ट्री का निर्माण स्थाई रूप से बंद करने की मांग दोहराई। साथ ही, 17 दिसंबर को जिला कलेक्ट्रेट में विशाल महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है। इस महापंचायत में राष्ट्रीय किसान नेता राकेश टिकैत सहित कई बड़े किसान नेताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
किसान नेता कॉमरेड बलवान पूनिया ने सहमति को खारिज करते हुए कहा कि प्रशासन ने केवल रिव्यू का आश्वासन दिया, लेकिन फैक्ट्री को पूरी तरह बंद करने या हटाने पर कोई ठोस वादा नहीं किया। उन्होंने गांवों में संपर्क अभियान शुरू करने की बात कही और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र होगा। कई किसान यूनियनों और संगठनों ने महापंचायत में शामिल होने की घोषणा की है। 

No comments