Breaking News

श्रीगंगानगर जिले में 20 बोगस फर्मों का भंडाफोड़

श्रीगंगानगर में एसजीएसटी विभाग ने 20 फर्जी फर्मों के माध्यम से की गई लगभग 2.60 करोड़ रुपए की कर चोरी का खुलासा किया है। अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) रामेन्द्र शर्मा के अनुसार, इन फर्मों का रजिस्ट्रेशन फर्जी दस्तावेजों पर पदमपुर, अनूपगढ़ और हनुमानगढ़ में कराया गया था।
डाटा एनालिसिस और भौतिक सत्यापन के दौरान इन फर्मों के स्थान पर खाली प्लॉट या कृषि भूमि पाई गई। जांच में पता चला कि फर्मों ने विभिन्न राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में फर्जी बिल जारी कर आईटीसी पास ऑन किया। किरायानामे भी फर्जी आधार और पैन कार्ड पर बनाए गए थे। विभाग ने संबंधित राज्यों को सूचना भेज दी है और इन फर्मों के पंजीकरण को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में सहायक आयुक्त अल्पना बिश्नोई, अख्तर अली, रमेश सियाग, राजीव मिड्ढा और कर सहायक अंकुश बिश्नोई शामिल रहे।

No comments