Breaking News

पाइपलाइन कार्य की मंथर गति से लोग परेशान

- आरयूआइडीपी के अधिकारी नहीं देते ध्यान
श्रीगंगानगर। लॉकडाउन में छूट मिलने के साथ ही शहर में सीवरेज व पेयजल पाइपलाइन कार्य भी फिर से शुरू हो गया है। इसी के साथ ही लोगों की समस्याएं भी बढऩे लगी हैं।
आरयूआईडीपी की देखरेख में एलएनटी की ओर से जलदाय विभाग व डीएवी स्कूल के बाहर पाइपलाइन का काम किया जा रहा है। इसके लिए एक जेसीबी मशीन जलदाय विभाग परिसर गेट पर लगा रखी है। पाइन लाइन के लिए खुदाई के बाद मिट्टी को डीएवी स्कूल के आगे व कृषि विभाग की ओर जाने वाले रास्ते पर डाल रखा है। इस कारण जलदाय विभाग,कृषि विभाग व डीएवी स्कूल के कर्मचारी परेशान हैं। रास्ता बंद रहने के कारण इन लोगों को आने जाने के लिए अन्य रास्ते की तलाश करनी पड़ती है।
इस बारे में आरयूआइडीपी के एसई जसवंत खत्री ने बताया कि पाइप लाइन का काम लॉकडाउन खुलने के बाद शुरू किया गया है। इसे शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। वहीं एलएनटी के नीरज ने बताया कि पीएचईडी की भूमिगत पाइपलाइन के कारण पहले तो जेसीबी नहीं चलाई जा सकी। अब काम को तेजी से किया जा रहा है। अगले सप्ताह तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
रास्ता नहीं मिला तो दफ्तर में ही छोड़े साधन
इस बीच कल शाम को बरसात के बाद जलदाय विभाग के कर्मचारियों को अपने स्कूटर, मोटरसाइकिल आदि साधन बाहर निकालने का भी रास्ता नहीं मिला। पाइपलाइन के चल रहे कार्य के कारण ये कर्मचारी जिला कलेक्टर की कोठी के आगे वाले मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। यह मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। कल बरसात के दौरान यहां पानी का एक टैंकर भी फंस गया था। वहीं बरसात के बाद मिट्टी ने दलदल का रूप ले लिया। इसमें से दोपहिया वाहनों को बाहर नहीं निकाला जा सका। ऐसे में अनेक कर्मचारियों को अपने दोपहिया वाहन दफ्तर में ही छोड़कर जाने पड़े। वाहन ले जाने के लिए इन कर्मचारियों को शनिवार को छुट्टी के बावजूद दफ्तर आना पड़ा।

No comments