Breaking News

कुल्हाड़ी से काट कर युवक की हत्या, दूसरा युवक गंभीर घायल

श्रीगंगानगर। नाथावाली गांव की रोही स्थित खेत में मंगलवार रात एक युवक की कुल्हाड़ी से काट कर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हमलावर अभी तक अज्ञात हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संदीप भुल्लर पुत्र हरपाल सिंह निवासी नाथावाली के रूप में हुई है। संदीप ने गांव के निकट ही जमीन ठेके पर ली हुई है। मंगलवार रात संदीप व उसका दोस्त रवि पुत्र मलकीत सिंह निवासी बुर्जवाली खेत में गये थे। रात करीब साढ़े नौ बजे संदीप ने घर वालों को फोन करके रोटी मंगवाई थी। इसके बाद उसका फोन ऑफ हो गया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे मृतक के पिता हरपाल सिंह ने सरपंच संदीप नाथ को फोन करके घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एक घायल रवि सिंह को जिला अस्पताल में पहुंचाया।
सूचना सुबह सात बजे पुलिस कन्ट्रोल रूम को सूचना मिलने पर सीओ सिटी इस्माइल खां व सदर पुलिस के हवलदार दर्शन सिंह व लीलाधर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शव को जिला अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करके संदीप भुल्लर की हत्या की गई है। हमलावर अज्ञात बताए जाते हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायल रवि सिंह जिला अस्पताल में भर्ती है।
घटनास्थल पर मौजूद तक संदीप भुल्लर के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे रवि निवासी बुर्ज वाली उसके घर आया था। वह उसके बेटे संदीप के साथ खेत में चला गया। संदीप ने कहा था कि मेरी रोटी खेत में भेज देना, लेकिन मैंने उसको मना कर दिया था कि रोटी तू ही आकर ले जाना। इसके बाद मैं सो गया और उसे पता नही घटना कब हुई। आज सुबह करीब 5:15 खेत में गया तो उसके बेटे संदीप की लाश जमीन पर पड़ी थी और रवि घायल अवस्था में खेत में बैठा था।  किसने उसके बेटे को मारा, इस बात का उसे अभी तक कोई पता नहीं है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया था। थाना प्रभारी हनुमाना राम बिश्नोई ने बताया कि दोपहर बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में अभी तक किसी ने कार्रवाई के लिए परिवाद नहीं दिया है। पुलिस घायल युवक के बयान लेने की कार्रवाई कर रही है।


No comments