Breaking News

बनी सहमति, मण्डी खुली, बोली लगी

- किसान नहीं लाए सरसों
श्रीगंगानगर। नई धान मण्डी में गुरुवार से जौ की खरीद का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। कल व्यपारियों के साथ बैठक में तय हुई व्यवस्था के अनुसार गुरुवार को तीस दुकानें खोलने की अनुमति दी गई। प्रत्येक दुकान पर अधिकतम 10 ट्राली जिंस लाने की छूट दी गई थी। आज मण्डी में 14 हजार क्विंटल जौ की आवक हुई। बोली के दौरान भाव 1365 रुपये से 1425 रुपये प्रति क्विंटल रहा। हालांकि आज से सरसों की खरीद भी शुरू की जानी थी, लेकिन किसानों को पूरी जानकारी नहीं होने के कारण वे सरसों लेकर ही नहीं आए। अब कल से जौ के साथ सरसों की खरीद शुरू हो सकती है। मण्डी में आने वाले व्यापारियों, किसानों व मजदूरों के स्वास्थ्य की जांच मेडिकल टीम ने की। पुलिस कर्मचारियों ने पास के आधार पर ही सभी को प्रवेश दिया। उधर फूड प्रोसेसिंग यूनिटों पर भी अब 10 ट्रॉली तक जिंस खरीद की शर्त को लागू कर दिया गया है।
मण्डी में आज की खरीद व्यवस्था से व्यापारी व कृषि उपज मण्डी समिति के अधिकारी भी संतुष्ट नजर आए। व्यापारियों का कहना है कि कल से 60 दुकानें खोलने पर सहमति बनी है। इससे प्रतिदिन 600 ट्रॉली जिंस की खरीद की व्यवस्था बनाई जाएगी।
कच्चा आढ़तिया संघ के अध्यक्ष कुलदीप कासनिया ने बताया कि आज जिस व्यवस्था के साथ खरीद शुरू की गई हैै। अधिकांश व्यापारी इससे संतुष्ट हैं। कोरोना काल को देखते हुए किसान व मजदूर भी प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं। अब सभी यह समझने लगे हैं कि कुछ समय के लिए बदली व्यवस्था के साथ ही काम करना होगा।
खरीद प्रभारी आरएएस करतारसिंह पूनिया ने बताया कि गुरुवार को मण्डी में जिंसो की खरीद व्यापारियों के साथ सहमति की व्यवस्था के अनुसार ही करवाई गई। अब जो व्यवस्था बनाई गई है। उससे सभी सहमत हैं। उम्मीद है, आगे भी व्यवस्था बनाए रखने में व्यापारियों व किसानों का सहयोग मिलेगा।

No comments