Breaking News

तौलिया सुखाते समय करंट लगने से वृद्ध हलवाई की मौत

-अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत
हनुमानगढ़। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में तौलिया सुखाते समय करंट लगने से वृद्ध हलवाई की मौत हो गई। वृद्ध नहाने के बाद घर के आंगन में खड़ा था। करंट लगने से वह नीचे गिर गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है।
थाना पुलिस ने बताया कि देवकीनंदन पुत्र रामचंद्र स्वामी निवासी पातलीसर पुरोहितान, तहसील चूरू (सरदारशहर) ने रिपोर्ट दी है। परिवादी के अनुसार उसके पिता रामचंद्र पुत्र पूर्णदास स्वामी रावतसर में पिछले 20-25 वर्षांे से हलवाई का काम करते थे। रामदेव मंदिर के पास उनका घर है। शुक्रवार सुबह वे नहाने के बाद आंगन में तौलिया सुखा रहे थे। लोहे की तार पर तौलिया सुखाते समय उन्हें करंट लग गया, जिससे वे नीचे गिर गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि देवकीनंदन की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है।


No comments