Breaking News

पंजाब खनन विभाग की बकाया राशि वसूली के लिए चांडक की संपत्ति के कुर्की वारंट

श्रीगंगानगर (एसबीटी)। जिला प्रशासन ने नगर परिषद आयुक्त करूणा चांडक के पति व कांगे्रस नेता अशोक चांडक का कुर्की वारंट जारी किया है। पंजाब खनन विभाग की बकाया राशि की वसूली के लिए कुर्की वारंट जारी किया गया है। प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी का नेता होने के बावजूद अशोक चांडक के खिलाफ कुर्की वारंट जारी होना बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने अशोक चांडक पुत्र मदनलाल अग्रवाल निवासी मकान नम्बर 203 जी ब्लॉक श्रीगंगानगर से 16 लाख 7683 रुपयों की वसूली के लिए कुर्की वारंट जारी करके उपखण्ड अधिकारी को कुर्की करने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार निदेशक खनन विभाग पंजाब चण्डीगढ़ ने जिला मजिस्ट्रेट को पत्र जारी करके अशोक चांडक से खनन विभाग की राशि 16 लाख 7683 रुपयों की वसूली के लिए कहा है। बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद अशोक चांडक ने पंजाब खनन विभाग को राशि जमा नहीं करवाई। इस पर जिला प्रशासन ने राशि वसूली के लिए सख्त कदम उठाते हुए अशोक चांडक के खिलाफ कुर्की वारंट जारी कर दिया। इस संबंध में जिला प्रशासन शीघ्र ही वारंट  के साथ अशोक चांडक की सम्पत्ति कुर्क करके राशि वसूली का प्रयास करेगा।
अशोक चांडक के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से जारी कुर्की वारंट की आज कलेक्ट्रेट के गलियारों में खूब चर्चा रही।

No comments