Breaking News

ये है असली लॉकडाउन; कॉलोनी के गेट बंद किए, जरूरी काम होने पर ही आ-जा सकेंगे लोग

- आनंद विहार कॉलोनी के 4 गेट पर ताला, पांचवें पर चौकीदार बैठा
- जीवन बचाने के लिए इन्होंने लॉकडाउन को अपनाया है
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के महत्व को समझने और अपनाने की जरूरत है। ऐसा ही किया आनंद विहार कॉलोनी के लोगों ने। हनुमानगढ़ रोड से सटी इस कॉलोनी में पांच गेट व करीब 350 घर हैं। कोरोना संक्रमण के चलते कॉलोनी को पूरी तरह पैक कर दिया गया है। यह निर्णय कॉलोनी में रहने वाले लोगों की सेफ्टी के चलते लिया गया है।
कॉलोनी के विजय मित्तल ने बताया कि कॉलोनी में पांच गेट हैं। इनमें से 4 पर ताले लगाए गए हैं। वहीं एक छोटा गेट खुला रखा है, जिस पर भी चौकीदार बैठा रहता है। जरूरी कार्य के बिना यहां से न तो कोई बाहर जाता है और न ही कोई अंदर आता है। सरकार ने लॉकडाउन को लोगों की सुरक्षा के लिए लगाया है। कुछ लोग ऐसा महसूस कर रहे हैं, जैसे यह निर्णय उन पर थोपा जा रहा है, लेकिन सच्चाई यह है कि इसे अपनाने की जरूरत है। तभी बेहतर तरीके से पालना हो सकेगी और कोरोना से बचा जा सकता है।
कॉलोनीवासियों ने देखा कि आसपास की अन्य कॉलोनियों के लोग भी इन्हीं रास्तों का इस्तेमाल कर आवाजाही कर रहे थे। लोगों ने इसे आम रास्ता बना दिया था। इसके लिए निर्णय लिया गया कि कॉलोनी के गेटों को बंद कर दिया जाए। अब न तो बाहरी व्यक्ति यहां आ सकता है, दूसरा फायदा यह है कि कॉलोनी के लोग भी जरूरी काम होने पर निकलेंगे।

No comments