Breaking News

होली पर सतरंगी हुआ शहर

- उत्साह के साथ मनाया गया रंगोत्सव
श्रीगंगानगर। स्नेह का प्रतीक होली पर्व इलाके में धूमधाम से मनाया गया। शहर के अधिकांश इलाकों में मंगलवार सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल और कई तरंह के रंग लगाकर होली का आनंद उठाया। यह दौर दोपहर बाद तक चला। कई धार्मिक स्थलों पर सामूहिक रूप से फूलों की होली के साथ पर्व मनाया गया। होली के हुड़दंग के साथ शहर सतरंगी होता दिखाई दिया।
बदलते मौसम और कोरोना वायरस की आशंका के विपरीत सभी ने एक-दूसरे को जमकर रंग लगाया। पंजाबी, राजस्थानी और हरियाणाी गीतों की धुन के साथ डीजे साउण्ड पर नाचते हुए होली खेलने का दौर दिन भर चला। जवाहरनगर, पुरानी आबादी, ब्लॉक एरिया, सेतिया कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, चक 3 ई छोटी, 5 ई छोटी, सद्भावना नगर, रिद्धि सिद्धि सहित सभी कॉलोनियों में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में रंग खेलने की मस्ती छाई रही। गली मोहल्लों से वाहनों पर आती जाती युवाओं की टोलियों ने शाम तक रंगोत्सव का उत्साह बनाए रखा। पुलिस -प्रशासन की तरफ से जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
धुलंैडी से एक दिन पूर्व शहर में होलिका दहन का पर्व भी हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। पूरा दिन घरों में विशेष पकवान बनाए गए। शाम ढलने के साथ ही होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो गई। शाम छह बजे के बाद अलग अलग स्थानों पर होलिका दहन के चंग धमाल नृत्य के आयोजन भी हुए।

No comments