Breaking News

सूर्यदेव पहुंचे कुंभ राशि में, अब बदलेगा मौसम

-दिन रोजाना एक-दो मिनट बड़े होने से सर्दी घटेगी, बढ़ेगी गर्मी
श्रीगंगानगर। सूर्यदेव ने आज कुंभ राशि में प्रवेश कर लिया। इस मौके पर आज कुंभ संक्रांति मनाई गई। लोगों ने मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की और दान-पुण्य किया। सूर्य के राशि परिवर्तन विभिन्न राशियों के जातकों पर अलग-अलग प्रभाव पड़ेगा। मौसम में अब बदलाव आना शुरू होगा। दिन रोजाना एक-दो मिनट बड़े होने से सर्दी का असर घटेगा और गर्मी बढ़ेगी।
पंडित सत्यपाल पाराशर ने बताया कि सूर्य अभी तक मकर राशि में विचरण कर रहे थे, उन्होंने मकर को छोड़कर कुंभ राशि में प्रवेश किया है। इस राशि में सूर्यदेव 14 मार्च तक रहेंगे। इसके बाद यह मीन राशि में जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कुंभ शनि ग्रह की राशि है। शनि और सूर्य में शत्रुता का भाव है। सूर्य के इस गोचर का प्रभाव सभी राशियों पर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही रूपों में पड़ता हुआ दिखाई देगा। 14 मार्च से 13 अप्रैल तक सूर्य के मीन राशि में रहने के कारण सभी प्रकार के मांगलिक कार्य बंद रहेंगे। इससे पहले 3 मार्च से 9 मार्च तक होलाष्टक के कारण मांगलिक कार्य बंद रहेंगे। सूर्य के कुंभ राशि में आने के साथ ही रोजाना दिन भी किसी दिन 1 मिनट तो किसी दिन 2 मिनट बड़ा होने लग जाएगा। इसके साथ ही सर्दी का असर कम व गर्मी का असर बढऩे लग जाएगा।
जानिए, किस राशि पर क्या प्रभाव?
मेष-आमदनी, मान प्रतिष्ठा बढ़ेगी, परिवार का माहौल सुखमय रहेगा।
 वृष-कार्य वृद्धि होगी, प्रणय संबंधों में मधुरता बढ़ेगी।
मिथुन-लाभ होगा, आत्मविश्वास बढ़ेगा।
कर्क-स्वास्थ्य का ध्यान रखें, अपना भेद दूसरों को न बताएं।
 सिंह-रोगों से मुक्ति मिलेगी, पत्नी से संबंध मधुर रहेंगे।
कन्या-आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
तुला-प्रणय संबंधों में कटुता रहेगी, रुके हुए कार्य पूरे होने की संभावना है।
वृश्चिक-कार्यक्षेत्र में सफलता-परिश्रम का उचित फल मिलेगा।
धनु-रुके हुए काम पूरे होंगे, बुद्धि-विवेक का ध्यान रखें।
मकर-धन लाभ के योग बनेंगे।
कुंभ-सेहत का ध्यान रखें, विवादों में ना पड़े।
मीन-शत्रुता बढ़ेगी, सावधानी रखें, मेहनत के अनुसार फल मिलेगा।



No comments