Breaking News

सूर्य देव आज आधी रात को होंगे उत्तरायण, कल मनेगी मकर संक्रांति

श्रीगंगानगर। मकर संक्रांति इस बार 15 जनवरी को मनाई जाएगी। आज मंगलवार को मध्य रात्रि में सूर्य मकर राशि में प्रवेश कर उत्तरायण हो जाएंगे। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही मलमास भी खत्म हो जाएगा। इसी के साथ एक महीने से थमा विवाह, शादी और अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला आरंभ हो जाएगा।
पंडित सत्यपाल पाराशर ने बताया कि सूर्यदेव अभी धनु राशि में हैं और आज रात 1.38 बजे मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मकर संक्रांति का पुण्यकाल 15 जनवरी को रहेगा। मकर संक्रांति सूर्य से संबंधित उत्सव है इसलिए यह रात्रि में नहीं मनाया जाता। बुधवार को सुबह मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान स्नान तथा दान-पुण्य का फल अत्यंत शुभ होगा।
उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति में प्रवेश के साथ ही सूर्य भगवान उत्तरायण हो जाएंगे और शुभ, मांगलिक कार्य आरंभ हो जाएंगे।  
पंडित पाराशर ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन किए गए काम अनंत गुणा फल देते हैं। संक्रांति के दिन सूर्य वरदान बनकर चमकते हैं। इस मौके पर किया गया दान लक्ष्मी की कृपा बनकर बरसता है। इस दिन स्नान और दान से तमाम जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं।


No comments