Breaking News

सीवरेज कार्य की वजह से टूटी पाइप लाइन, रात भर बहता रहा पानी

- लोगों के आक्रोश के बाद जलदाय विभाग ने बंद की सप्लाई
श्रीगंगानगर। इंदिरा कॉलोनी स्थित मेन रोड पर बीती शुक्रवार शाम सीवरेज कार्य की वजह से पाइप लाइन टूट गई। मरम्मत कार्य के लिए जलदाय विभाग ने सप्लाई बंद नहीं की, जिसके चलते रात भर पानी बहता रहा। शनिवार सुबह जब लोगों ने आक्रोश जताया, तब जाकर सप्लाई बंद हुई। दोपहर बाद एलएनटी ने मरम्मत कार्य शुरु किया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शुक्रवार शाम सवा 4 बजे सीवरेज कार्य की वजह से इंदिरा कॉलोनी मेन रोड पर जलदाय विभाग की पाइप लाइन टूट गई। पाइप लाइन टूटने की वजह से सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो गई। लोगों ने एलएनटी ठेकेदार से सम्पर्क किया तो उसने जलदाय विभाग से पानी की सप्लाई बंद करने की मांग की। विभाग की ओर से सप्लाई बंद न करने से पूरी रात सड़क पर पानी बहता रहा। टूटी पाइप लाइन की मरम्मत न होने से शुक्रवार शाम के बाद शनिवार सुबह भी इस क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हुई। लोगों ने जब इस पर रोष जताया और जलदाय विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क किया, तब सप्लाई बंद हुई। दोपहर बाद एलएनटी ठेकेदार ने टूटी हुई पाइप लाइन की मरम्मत शुुरु करवाई।


No comments