Breaking News

अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत

हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर मार्ग से संगरिया बाईपास पर आज सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। जंक्शन पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि मृतक की पहचान 57 वर्षीय सुरेन्द्र शर्मा पुत्र सच्चिदानंद शर्मा निवासी वार्ड नम्बर 49 सुरेशिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तरांचल का रहने वाला था। सुरेन्द्र शर्मा आज सुबह करीब नौ बजे सुरेशिया स्थित अपने घर से साइकिल पर सवार होकर माणकसर स्थित बंसल नर्सिंग कॉलेज में ड्यूटी पर जा रहा था। वह कॉलेज में गार्ड की नौकरी करता था। संगरिया बाईपास पर पेयजल टंकी के निकट अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में बुरी तरह से घायल सुरेन्द्र शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसका भतीजा पीलीबंगा में रहता है। पुलिस की सूचना पर वह अस्पताल में पहुंचा और शव की पहचान कर ली। मृतका पुत्र दिल्ली में रहता है। वह दिल्ली से हनुमानगढ़ के लिए रवाना हो गया।


No comments