Breaking News

अगले 15 साल के लिए बनाया श्रीगंगानगर का मास्टर प्लान

- शहर के आसपास के 52 गांवों को जोड़ा
- यूआईटी में 30 तक दर्ज होंगी आपत्तियां
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर का 2035 तक का मास्टर प्लान बना दिया गया है। इस सम्बंध में जिला प्रशासन ने 30 दिसम्बर तक नगर विकास न्यास में आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकती है। इसके बाद की आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इस सम्बंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला कलेक्टर शिव प्रसाद मदन नकाते सहित यूआईटी के अधिकारी उपस्थित थे।
शहर का कोई भी व्यक्ति मास्टर प्लान के सम्बंध में आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इसमें शहर के आसपास के 52 गांवों को जोड़ा गया है। इससे पहले वर्ष 2003 से लेकर 2023 तक के लिए नवीन मास्टर प्लान तैयार किया गया था। जिसमें 30 राजस्व ग्राम/चकों को शामिल किया गया था। शहर के चारों तरफ हो रहे निरंतर विकास के कारण प्रस्तावित नगरीय करण योग्य क्षेत्र की सीमा के बाहर की ओर भी विकास हुआ। जिसमें आवासीय/शैक्षणिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों पर दबाव रहा। वर्तमान में श्रीगंगानगर के आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए औद्योगिक, व्यावसायिक, शिक्षा एवं स्वास्थ्य तथा अन्य सेवाओं का प्रमुख केन्द्र बन गया है।
बढ़ती जनसंख्या के दबाव के कारण मूलभूत सुविधाओं की कमी के साथ ही शहर में अनियोजित रूप से बसावट हो रही है। अब नया मास्टर प्लान 2035 तक बनाया गया है। ऐसा अनुमान है कि वर्ष 2035 तक शहर की अनुमानित जनसंख्या 5 लाख 45 हजार हो जाएगी। इसी के आधार पर 91.33 हैक्टर भूमि नगरीयकरण योग्य भूमि के रूप में प्रस्तावित की गई है। जोकि अधिसूचित नगरीय क्षेत्र 16540 हैक्टेयर का 55.21 प्रतिशत है।
मास्टर प्लान : अधिसूचित क्षेत्र की सीमाएं
मास्टर प्लान 2035 में हनुमानगढ़ रोड पर विकसित औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण आवासीय, ठोक व्यापार, भंडार एवं गोदाम, शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थान, एक बड़े भू भाग पर मिश्रित भू उपयोग दिया गया है। ठाकरांवाली गांव के उत्तर में एक बहुत बड़ा पार्क विद्यामान औद्योगिक क्षेत्र से लगते हुए प्रस्तावित किया गया है। सूरतगढ़ रोड पर दोनों ओर आवासीय योजना होमलैंड सिटी के बाद मुख्यत: हनुमानगढ़ व पदमपुर को जोडऩे वाले बाईपास रोड के दक्षिण और मिश्रित भू भाग तथा आवासीय की पट्टी प्रस्तावित की गई है। पदमपुर रोड पर बाइपास तक दोनों ओर आवासीय तथा हिन्दुमलकोट व पृथ्वीराजपुरा को जाने वाली रोड के बीच आवासीय व अन्य उपयोग प्रस्तावित किए गए हैं। हिन्दुमलकोट रोड के पूर्व में आवासीय, शैक्षणिक चिकित्सा संस्थान प्रस्तावित किए गए हैं। हनुमानगढ़ रोड के उत्तर की तरफ रेलवे लाइन व गंगनहर तक आवासीय तथा इसी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाएं हेतू क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है।


No comments