Breaking News

काट के विरोध में किसानों ने नहीं होने दी नरमा की बोली

- दोपहर बाद मंडी समिति ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया
श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय स्थित नई धानमंडी में नरमा खरीद के दौरान काट लेने का मुद्दा बुधवार को भी गर्माया रहा। आज सुबह आक्रोशित किसानों ने मंडी के थर्ड ब्लॉक में नरमे की बोली रुकवा दी। सूचना मिलने पर मंडी समिति प्रशासन ने किसानों से बात की। दोपहर बाद मंडी प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों को बुलाकर वार्ता की।
बीते मंगलवार को ही किसानों ने नरमा खरीद के दौरान प्रति ट्रॉली 20 किलो काट करने का विरोध जताते हुए एडीएम को ज्ञापन सौंपा था। किसानों का आरोप है कि व्यापारी बिना वजह 20 किलो की काट कर रहे हैं जबकि ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद लंबे समय से यह परम्परा चली आ रही है। ज्ञापन देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से आक्रोशित किसानों ने बुधवार सुबह नई धानमंडी पहुंचकर नरमे की बोली रुकवा दी।
सूचना मिलने पर श्रीगंगानगर कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) सचिव लाजपत राय खुराना ने किसानों से बात की। किसानों ने काट का मुद्दा दोहराया तो सचिव ने इसे गलत बताते हुए कहा कि काट करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस सबके चलते दोपहर तक मंंडी में नरमा की बोली नहीं हुई।
दोपहर बाद सचिव लाजपत खुराना ने किसानों और व्यापारियों को वार्ता के लिए बुलाया। समाचार लिखे जाने तक कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में वार्ता जारी थी।


No comments