Breaking News

ड्रग तस्करी के आरोप में पंजाब पुलिस के दो कांस्टेबल बर्खास्त

- दोनों का संबंध श्रीगंगानगर जिले से, पंजाब पुलिस जल्द मार सकती है छापा
श्रीगंगानगर/लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले में ड्रग तस्करी के आरोप में पंजाब पुलिस के दो पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है। श्रीगंगानगर जिले से संबंध रखने वाले ये दोनों पुलिस कर्मी फरार बताए जा रहे हैं। पंजाब पुलिस उनकी तलाश में श्रीगंगानगर में रेड कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लुधियाना देहात पुलिस जिले में समय-समय पर पुलिस कर्मचारियों के नशा तस्करों के साथ संबंधों का खुलासा होता रहा है परंतु इस बार मामला सार्वजनिक होने के चलते 2 पुलिस कांस्टेबलों को नौकरी से ही बर्खास्त कर दिया गया है। दोनों ही कांस्टेबलों पर चिट्टे के तस्करों का साथ देने, गुप्त सूचनाएं लीक करने, ड्रग तस्करों को बचाने के अलावा नशा तस्करों को चिट्टा तक सप्लाई करने के आरोप लगे हैं।
आरोपी पुलिस कर्मचारियों की पहचान कांस्टेबल कुलदीप सिंह व कांस्टेबल गुरमीत सिंह के तौर पर हुई है। आला अधिकारियों के आदेशों पर उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ चुपके-चुपके बीती रात जगराओं थाना सिटी में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर किक्कर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए माना कि दोनों पुलिस कर्मचारी चिट्टे की तस्करी में शामिल थे, जिसके चलते दोनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। उक्त आरोपी पुलिस कर्मचारी राजस्थान के गंगानगर से संबंधित बताए जा रहे हैं जो मामले की भनक लगने के कारण पहले ही फरार हो गए हैं।
सूत्रों की माने तो पुलिस के आला अधिकारियों ने इस मामले की जांच के लिए एक टीम भी बनाई है, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान में भी रेड करने जा सकती है। इसके इलावा दोनों आरोपी पुलिस कर्मचारियों के मोबाइल काल नंबरों की डिटेल भी आला अधिकारियों ने निकलवाई है, जिसके आधार पर उनके तस्करों से लिंक की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

No comments