Breaking News

मजाक बन कर रह गए तीन घण्टे स्कूल खोलने के आदेश

- शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नहीं अपने बनाए शिविरा पंचांग की जानकारी
श्रीगंगानगर। गांधी जयंती पर कभी भी स्कूलों में अवकाश नहीं रखा जाता। हर साल इस दिन स्कूलों में गांधी जी की समृति में कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों के दो अक्टूबर को तीन घण्टे स्कूल खोलने के आदेश मजाक बन कर रह गए। सत्र 2019-20 के लिए जारी विभाग के शिविरा पंचांग में स्कूलों में दो अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती व लाल बहादुर शास्त्री जयंती को उत्सव के रूप में मनाने का उल्लेख है।
इसके बावजूद 20 से 27 सितम्बर के बीच कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुबोध अग्रवाल, शिक्षा विभाग के संयुक्त शासन सचिव हरजीलाल अटल ने शिक्षा निदेशकों, परियोजना निदेशक समसा, समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वें जयंती वर्ष पर दो अक्टूबर को स्कूल खोल कर गांधी जी पर तीन घण्टे के कार्यक्रम व गतिविधिया आयोजित करवाने के लिए कहा गया।
उच्चाधिकारियों की गफलत से जारी इस आदेश से निचले स्तर के शिक्षा अधिकारियों व संस्था प्रधानों में असमंजस की स्थिति बनी रही कि आज स्कूल मध्यावकाश तक ही लगाया जाना है। वह भी केवल गांधी जयंती के कार्यक्रम करवाने के लिए। जब कि पूर्व में गांधी जयंती पर सभी स्कूल निर्धारित व पूरे समय अनुसार ही खोले जाते रहे हैं।
राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रांतीय कोषाध्यक्ष भूपसिंह कूकणा का कहना है कि स्थानीय अधिकारी व संस्था प्रधान यह नहीं समझ पा रहे कि शिविरा पंचाग को सही मानें सा उससे अलग हट कर जारी आदेश की पालना करें।


No comments