Breaking News

दीपावली की रात आठ स्थानों पर हुई आगजनी

- इलेक्ट्रोनिक्स गोदाम में लगी आग बुझाने में आया जोर, लाखों का माल स्वाह
श्रीगंगानगर। दीपावली की रात को जिला मुख्यालय सहित आठ स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में जहां एक ओर फर्नीचर, घरेलू सामान सहित इलेक्ट्रोनिक्स आइटम स्वाह हो गए, वहीं दूसरी ओर लाखों रुपयों का नुकसान हो गया। शहरी क्षेत्र में सरना इलेक्ट्रोनिक्स पर लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड को खासा जोर आया।
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर की रात को जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में आठ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं। पहली घटना शाम 5.57 बजे 6 जैड की हड्डारोड़ी में हुई। यहां कचरे में आग लगी, जिसे फायर ब्रिगेड ने बुझा दिया। इसके बाद रात 9.17 बजे बसंती चौक स्थित आयुर्वेदिक फैक्ट्री के कबाड़ में आग लग गई। यहां आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड नेहरा नगर पहुंची। साढ़े 9 बजे यहां एक घर के एसी में आग लगी थी। रात 11 बजे जवाहरनगर में 6 डी 6 स्थित घर की छत पर रखे कपड़ों, गद्दे, रजाई मेंं आग लग गई।
इसके बाद 11.40 बजे ई ब्लॉक स्थित सरना इलेक्ट्रोनिक्स पर आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग को नियंत्रित करने के प्रयास शुरु किए। चौथी मंजिल पर आग लगने की वजह से आग बुझाने में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को खासा जोर आया। 5 गाडिय़ों की मदद से चार घंटों के बाद यहां लगी आग पर काबू पाया जा सका। तब तक सरना इलेक्ट्रोनिक्स में रखा काफी सामान जल गया।
इसी रात आगजनी की पांचवीं घटना इंदिरा कॉलोनी स्थित कृष्ण परनामी मंदिर के सामने वाले खाली प्लाट में हुई। इसके बाद 1 बजे सुखाडिय़ा नगर स्थित गर्ग हॉस्पिटल के सामने प्लॉट में आगजनी की घटना हुई।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने दोनों जगह कचरे में लगी आग को बुझा दिया गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारी राजकुमार ने बताया कि अलसुबह साढ़े 3 बजे 3 ई छोटी मेंअग्रसेन नगर स्थित एक किरयाना दुकान में आग लगने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुुंचकर आग पर काबू पाया। आग बुझने तक दुकान में रखा सारा सामान, फर्नीचर जलकर राख हो गया।
28 अक्टूबर को सुबह सवा 6 बजे रिको-सैकिण्ड स्थित प्लॉट नंबर 3 में आगजनी की घटना हुई। अन्नपूर्णा फ्यूल नाम से गिट्टी निर्माण कारखाने में आग लगी थी। इसके बाद रात 11.40 बजे सूरतगढ़-पदमपुर बाइपास स्थित राधास्वामी डेरे के सामने वाले कबाड़ स्टोर में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।


No comments