Breaking News

व्यापारियों ने सरकार तो मजूदरों ने जताया व्यापारियों का विरोध

- हड़ताल के चलते नहीं हुई धानमंडियों में कृषि जिंसों की आवक
श्रीगंगानगर। राजस्थान खाद्य पदार्थ संघ के आह्वान पर गंगानगर सहित प्रदेश की सभी मंडियों में हड़ताल सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। 4 सितंबर तक सभी मंडियों में हड़ताल रहेगी। इस बीच, मंडी श्रमिकों ने भी व्यापारियों पर कम मजदूरी देनेे का आरोप लगाते हुए मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चिकालीन हड़ताल की घोषणा की है।
दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल और कच्चा आढ़तिया संघ के अध्यक्ष राजकुमार बंसल ने बताया कि राजस्थान खाद्य पदार्थ संघ के आह्वान पर गंगानगर जिलों की सभी मंडियों में हड़ताल का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि सभी कृषि जिंसों की सरकारी खरीद कच्ची आढ़त व्यापारियों के माध्यम से करने, केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित मॉडल एक्ट 2017 को खत्म करने और एक करोड़ रुपए से अधिक की नगद निकासी पर टीडीएस नहीं काटने की मांग को लेकर हड़ताल की गई है।
अगर सरकार ने व्यापारियों के मांगों को नहीं माना तो तो हड़ताल को अनिश्चितकाल तक के लिए बढ़ाया जा सकता है। हड़ताल के मद्देनजर सोमवार को मंडियों में कृषि जिन्सों की आवक नहीं हुई। जिंसों की आवक नहीं होने से पिड़ सूने रहे।
इधर मजदूरों ने दो की बजाय मांगी तीन रुपए मजदूरी
इस बीच नई धानमंडी मजदूर संघ ने भी सोमवार को हड़ताल रखते हुए प्रति कट्टा दो की बजाय तीन रुपए मजदूरी देने की मांग की। संघ के प्रधान मक्खनलाल मावर और संरक्षक किशोरीलाल सिवान के नेतृत्व में मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मजदूर नेताओं ने बताया कि जब तक व्यापारी 3 रुपए प्रति कट्टा मजदूरी नहीं देते, तब तक मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंडी मजदूर मौजूद रहे। इससे पूर्व मजदूरों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कलक्ट्रेट पर धरना भी दिया।


No comments