Breaking News

शुभ फलदायी योगों के संयोग में शुरू होंगे नवरात्रे

- मंदिरों और घरों मेंं घट स्थापना के लिए तैयारियां आरंभ
श्रीगंगानगर। शारदीय नवरात्रे इस बार रविवार 29 सितंबर से आरंभ हो रहे हैं। इस बार नवरात्रों के दौरान किसी तिथि का क्षय नहीं हो रहा है, जिससे नवरात्रे नौ दिन चलेंगे। नवरात्रों का शुभारंभ सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग में होने जा रहा है। यह बहुत ही अत्यंत शुभ फलदायी योग हैं।
क्षेत्र मेंं नवरात्रों की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। मंदिरों और घरों में घट स्थापना के लिए तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्रों के निकट आने से लोगों में उत्साह का माहौल है। श्राद्ध पक्ष के कारण थमे हुए शुभ एवं मांगलिक कार्य नवरात्रों से ही पुन: आरंभ हो जाएंगे।
पंडित सत्यपाल पाराशर ने बताया कि नवरात्रों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाएगी। प्रतिपदा को शैलपुत्री, द्वितीया को ब्रह्मचारिणी, तृतीया को चंद्रघंटा, चतुर्थी को कुष्मांडा, पंचमी को स्कंदमाता, छठी को कात्यायनी, सप्तमी को कालरात्री, अष्टमी को महागौरी और नवमी को सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 29 सितंबर को प्रतिपदा तिथि पर घट स्थापना होगी। 6 अक्टूबर को महाष्टमी और 7 अक्टूबर को महानवमी पर्व मनाया जाएगा। आठ अक्टबूर को विजय दशमी पर्व की धूम रहेगी।


No comments