Breaking News

ग्रामीण को नोट दुगुने करने का झांसा देकर साढ़े तीन लाख ठगे

घड़साना। नोट दुगुने करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए गये। पीडि़त ने अब आरोपी के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज करवाया है। यह घटना श्रीगंगानगर जिले के घड़साना थाना क्षेत्र में हुई।
घड़साना पुलिस के अनुसार गांव 10 केएलडी निवासी चंदूराम जाट पुत्र साहबराम जाट ने रिपोर्ट दी घड़साना की अमर कॉलोनी के वार्ड नम्बर 2 निवासी सुखदेव सिंह पुत्र भजन सिंह उसका परिचित था। सुखदेव सिंह ने एक दिन उसे बताया कि उसके पास ऐसी तकनीक है, जिससे नोट दुगुने हो जाते हैं। अगर उसे भी नोट दुगुने करने है, तो रुपए लाओ। अगर वह उसे पांच लाख रुपए देगा, तो वह दस लाख वापिस कर देगा।
पीडि़त ने पुलिस को बताया कि सुखदेव की बातों पर विश्वास करते हुए उसने साढ़े तीन लाख रुपयों का इंतजाम किया। करीब पांच-छ: माह पूर्व अपने परिचित सुबोध बिश्रोई निवासी रावला व मांगेलाल जाट निवासी घड़साना की मौजूदगी में उसने सुखदेव सिंह को तीन लाख 50 हजार रुपए दुगुने करने के लिए दे दिए। तीन-चार दिन बाद जब उसने सुखदेव सिंह से दुगुने हुए रुपए मांगे, तो उसने कहाकि चिंता मत करो। जल्दी ही सात लाख रुपए दे दूंगा।
इसके बाद रुपए मांगने पर सुखदेव सिंह बार-बार झांसा ही देता रहा। अब बार-बार सम्पर्क करने पर सुखदेव सिंह ने अब रुपए देने से इंकार कर दिया। पीडि़त ने आरोप लगाया कि सुखदेव सिंह ने रुपए दुगुने करने का झांसा देकर उससे 3 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने मुकदमे की जांच शुरू कर दी है।

No comments