Breaking News

डकैती के मुकदमे में पंजाब का भगौड़ा गिरफ्तार

- घमूड़वाली पुलिस ने पंजाब पुलिस को सौंपा
श्रीगंगानगर। पंजाब में डकैती के मुकदमे में भगौड़े आरोपी को घमूड़वाली  पुलिस ने रविवार को दबोच लिया। इसकी सूचना मिलने पर यहां पहुंची पंजाब पुलिस को आरोपी सौंप दिया गया। यह युवक 12 वर्ष से फरार था। कल ही अपने गांव नरसिंहपुरा में अपने घर आया था।
हवलदार इमीलाल ने बताया कि गांव नरसिंहपुरा में झगड़ा होने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। यहां सोहनलाल गरूडा ब्राह्मण के साथ उसका पुत्र 37 वर्षीय अनिल झगड़ा कर रहा था। अनिल काफी वर्षो से अपने घर नहीं आया था। कल ही अनिल घर आया था और मां-बाप से झगड़ा करने लगा।
इस पर पुलिस ने अनिल को धारा 151 में गिरफ्तार कर लिया। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला तो पता चला कि अनिल धारा 299 सीआरपीसी में भगौड़ा घोषित है। अनिल पंजाब के फाजिल्का सिटी थाने में वर्ष 2007 में दर्ज डकैती के मुकदमे में फरार चल रहा था। पंजाब पुलिस कई बार गांव नरसिंहपुरा में भी उसकी तलाश में आई, लेकिन वह कभी पकड़ा नहीं गया। अनिल के पकड़े जाने की सूचना पर फाजिल्का सिटी पुलिस रविवार को घमूड़वाली थाने में पहुंची। इस पर अनिल को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।


No comments