Breaking News

बेवा मां और भाभी का एक ही सहारा था, वह भी गया

- डेढ़ वर्ष पूर्व भाई की सड़क हादसे में हुई थी मौत
- दो मासूम बेटियों व पत्नी को छोड़ गया था भाई
गजसिंहपुर। वार्ड नम्बर 8 में बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। यह युवक, पहले पिता और फिर भाई की मौत के बाद बेवा मां व विधवा भाभी का अकेला ही सहारा था, वो भी बीती रात दोनों को बिलखने के लिए मजबूर कर गया। पुलिस ने आज दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
हवलदार वीरेन्द्र धवन ने बताया कि मृतक 28 वर्षीय रोहित उर्फ नन्नू शर्मा पुत्र जसपाल शर्मा था। बीती रात खाना खाने के बाद रोहित घर की छत पर सो गया। बीती रात किसी समय रोहित ने छत पर बनी पानी की टंकी से चादर का फंदा बना कर आत्महत्या कर ली।
आज सुबह देर तक रोहित नीचे नहीं आया तो मां व भाभी ने छत पर जाकर देखा, तो फंदे से रोहित का शव झूल रहा था। घर में कोहराम मचने पर पड़ौस के लोग एकत्रित हो गये। आज सुबह पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया और पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हवलदार के अनुसार रोहित शर्मा के पिता का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसके भाई प्रिंस शर्मा का सड़क हादसे में निधन हो गया। प्रिंस शादीशुदा था। उसके दो छोटी बेटियां हैं। घर में रोहित, उसकी मां व विधवा भाई दो बेटियों के साथ जिन्दगी की गाड़ी को खींच रहे थे। रोहित शर्मा नशा करने का आदी हो गया। परिवार में केवल रोहित शर्मा पुरूष था। अब उसने भी आत्महत्या कर ली। पीछे परिवार में मां, उसकी भाभी व दो बेटियां बची हैं। बीती रात हुई घटना से सास-बहू पर दुखों का पहाड़ टूट गया।


No comments