Breaking News

अब आएगा मौसम में बदलाव, शरद ऋतु का आगाज 23 से

- सूर्यदेव ने आज दोपहर किया कन्या राशि में प्रवेश
श्रीगंगानगर। सूर्यदेव ने मंगलवार दोपहर कन्या राशि में प्रवेश कर लिया। सूर्य के कन्या में प्रवेश यानी कन्या संक्रांति के असर से अब मौसम में बदलाव आना शुरू होगा। 23 सितंबर को शरद ऋतु आरंभ हो जाएगी। इसी के साथ उमस और गर्मी के तेवर ढीले पडऩे शुरू हो जाएंगे। धीरे-धीरे मौसम सुहावना होने लगेगा। यह कहना है पंडित सत्यपाल पाराशर का। उन्होंने सांध्य बॉर्डर टाइम्स से बातचीत में ज्योतिषिय गणना के हिसाब से आने वाले दिनों के मौसम का पूर्वानुमान बताया।
पंडित सत्यपाल पाराशर ने बताया कि सूर्यदेव आज तक सिंह राशि में विचरण कर रहे थे, दोपहर 12.40 बजे सूर्यदेव ने कन्या राशि में प्रवेश कर लिया। यह अपने आपमें मौसम मेें बदलाव का सूचक है।
उन्होंने बताया कि जब सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करता है तो मौसम में परिवर्तन प्रारंभ हो जाता है। उमस, चिपचिपापन, गर्मी में कमी आने लगती है। धीरे-धीरे मौसम सुहावना हो जाता है।
पंडित पाराशर ने बताया कि 23 सितंबर को दोपहर 1.22 बजे शरद ऋतु की शुरुआत हो जाएगी। इसी के साथ गर्माहट घटने लगेगी।
मौसम विभाग की नजर में सितंबर में गर्मी का यह है कारण
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान एवं पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोन बना हुआ है जिसके कारण आसमान साफ है और इससे सूर्य की किरणें सीधे जमीन आ रही हैं। इससे गर्मी पड़ रही है। अगर यह साइक्लोन न होता तो कोटा और झालावाड़ की तरह श्रीगंगानगर, बीकानेर में भी मूसलाधार बरसात हो रही होती।
मौसम विभाग के अनुसार अब बरसात होने की संभावना कम है क्योंकि साइक्लोन का असर समाप्त होने में करीब एक सप्ताह लगेगा। तब तक मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा। फिर मौसम में बदलाव आना शुरू होगा।


No comments