Breaking News

श्रीगंगानगर के युवाओं में जगा खाकी पहनने का जोश, तैयारियां शुरू

- पुलिस कांस्टेबल के पांच हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी से उत्साह
श्रीगंगानगर। राजस्थान पुलिस हजारों पदों पर भर्तियां जल्द शुरू होने की संभावना से युवाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। युवक-युवतियों ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभिन्न कोचिंग संस्थान पुलिस भर्ती के बैच शुरू करने की कवायद में जुट गए हैं। श्रीगंगानगर में कोचिंग संस्थानों का फोकस अब आगामी समय में पुलिस भर्ती पर ही रहने वाला है क्योंकि क्षेत्र से बड़ी तादाद में युवा पुलिस भर्ती मेें शामिल होते हैं।
 राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के पांच हजार पदों के लिए राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के साथ ही बेरोजगारों में उत्साह का संचार हुआ है। पिछले महीने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 8600 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, जिसमें से पांच हजार पदों पर मंजूरी मिलने के बाद भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया है। जिसके लिए नोटिफिकेशन आने वाले दिनों में जारी किया जाएगा।
राजस्थान पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने गत दिनों पुलिस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सब इंस्पेक्टर के  706 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए थे। संभावना है कि इस पर भी जल्द ही प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
बहरहाल, कांस्टेबल के पांच हजार पदों के लिए भर्ती की मंजूरी मिलने के बाद जहां युवाओं में उत्साह का संचार हुआ है, वहीं सब इंस्पेक्टर भर्ती को भी जल्द मंजूरी मिल जाने की संभावना जगी है। जिस्म पर खाकी वर्दी सजाने के ख्वाहिशमंद युवा अभी से तैयारियों मेंं जुट रहे हैं।

No comments