Breaking News

जैसमलेर से पंजाब जा रहे बुजुर्ग की बस में मौत

अनूपगढ़। जैसमलेर के रामगढ़ में मजदूरी करने वाले एक बुजुर्ग की बस में यात्रा के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने के बाद परिजनों से सम्पर्क करते हुए शव को सरकारी अस्पताल के मुर्दा घर में रखवा दिया है।
एसआई मोटाराम ने बताया कि मृतक की पहचान 60 वर्षीय निर्मल सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी देतई लुधियाना पंजाब के रूप में हुई। निर्मल सिंह जैसलमेर के रामगढ़ में एक परिवार के पास नौकरी करता था।
वह कई दिनों से बीमार चल रहा था। ऐसे में हिसाब करवा कर अपने गांव जाने के लिए रामगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली बस में बीती रात सवार हो गया। रास्ते में बस सुथारों की मंडी में रूकी। यहां यात्रियों ने खाना खाया और निर्मल सिंह ने भी पानी की बोतल और बिस्कुट खरीदे। इसके बाद बस रवाना हो गई।
आज सुबह अनूपगढ़ में सवारियां उतरने के बाद परिचालक ने सीट पर बेसुध पड़े निर्मल सिंह को संभाला, तो वह मृत था। परिचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान हो गई।
उसकी जेब से 11 हजार 170 रुपए की नगदी भी मिली है। फोन पर परिजनों ने बताया कि निर्मल सिंह अविवाहित था। करीब 35 वर्षो से वह रामगढ़ में ही मजदूरी करके अपना जीवन काट रहा था। एक माह पूर्व अपने गांव होकर वापिस रामगढ़ आ गया था। बीमार होने पर मालिक ने उसका हिसाब करके गांव भेज दिया था।


No comments