Breaking News

मोटरें चालू, आज सुचारू सप्लाई का दावा

- रामलीला मैदान के पम्प हाउस में पानी भरने से कल आधे शहर में नहीं हो पाई थी पेयजल सप्लाई
श्रीगंगानगर। जलदाय विभाग के रामलीला मैदान स्थित पम्प हाउस में शुक्रवार तड़के पानी भरने से बंद हुई मोटरों को चालू कर दिया गया है। इसी के साथ विभाग के अधिकारियों ने शनिवार से सभी प्रभावित इलाकों में सुचारू पेयजल सप्लाई का दावा किया है।
पम्प हाउस संचालक ठेकेदार के कार्मिकों की लापरवाही से वहां लगी आठ मोटरें पानी में डूब गई थीं। इस कारण गुरुनानक बस्ती से लालचन्द की ढाणी तक का लम्बा-चौड़ा एरिया शुक्रवार को दोनों समय की पेयजल सप्लाई से वंचित रहा। विभाग की तकनीकी टीम दिन भर मोटरों को खोल कर सुखाती रही। शाम तक सूखने के बाद आठ में से छह मोटरें ही चलाने लायक थीं जबकि दो मोटरें (100 व 40 हार्स पावर) पानी लगने के कारण जल गई। रात आठ बजे दो मोटरें ही चलाई जा सकीं। इनसे एन ब्लॉक क्षेत्र में सप्लाई दी गई।
विभाग के एक्सईएन सिकंदर सिंह गिल ने दावा किया कि मोटरें फिट करने के बाद शाम छह बजे सप्लाई चालू कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि शेष मोटरें फिट करने का काम पूरी रात होता रहा। इस दौरान जिस एरिया की मोटरें चालू हुई। उसी के साथ संबंधित एरिया की सप्लाई भी छोड़ दी गई। सेतिया कॉलोनी से लालचंद की ढाणी तक के एरिया में सप्लाई रात एक बजे दी गई। गुरुनानक बस्ती, इन्दिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, एन ब्लॉक, नागपाल कॉलोनी, गणगौर नगर के लिए सप्लाई शनिवार सुबह नौ बजे छोडऩे का दावा किया गया है। विनोबा बस्ती, गांधी नगर, प्रेम नगर, सेतिया कॉलोनी, हरदीप सिंह कॉलोनी, बसंती चौक, जिला अस्पताल के पीछे का एरिया, जगदम्बा कॉलोनी, लालचंद की ढाणी व आसपास की कॉलोनियों के लिए पेयजल सप्लाई दोपहर बाद छोड़ी जायेगी।


No comments