Breaking News

श्रीगंगानगर में धड़ल्ले से चल रहे हैं हुक्का बार

श्रीगंगानगर। प्रतिबंध के बावजूद शहर में अनेक स्थानों पर हुक्का बार चल रहे हैं। पुलिस ने आंखें मूंद रखी है। हुक्का बार में जवानी की दहलीज पर कदम रख रहे युवक-युवतियों को जमावड़ा देखा जा सकता है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हुक्का पर कार्रवाई करने के आदेश दिए, तो जयपुर में बड़ी संख्या में हुक्का बार बंद करवा दिए गये, लेकिन श्रीगंगानगर  पुलिस अभी तक हरकत में नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित एक होटल की ऊपरी मंजिल पर हुक्का बार चलता है। मीरा मार्ग पर एक हॉस्पीटल के निकट हुक्का बार चल रहा है। इसके अलावा ब्लॉक एरिया में काले शीशों वाले शोरूम में हुक्का बार में युवक-युवतियां कश लगाते नजर आते हैं।कैमिकलयुक्त फलेवर वाले हुक्के की धुंआ जहन में उतार कर युवा खुद को मौत के करीब ले जा रहे हैं।
शहर के बड़े पनवाड़ी के पास भी फलेवरयुक्त हुक्का का सामान आसानी से उपलब्ध है। इन दिनों विवाह समारोह में भी कैमिकलयुक्त हुक्का मेहमानों को उपलब्ध करवाने का प्रचलन चल रहा है। प्रतिबंधित होने के बावजूद पुलिस हुक्का बार पर मेहरबान है। संबंधित थानों की पुलिस अपने इलाके में हुक्का बार चलने की जानकारी होने से ही इंकार कर रही है।
गत दिवस सदर पुलिस थाना में पत्रकारों से मुखातिब पुलिस कप्तान हेमंत शर्मा ने भी हुक्का बार की सूचना मिलने पर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद हुक्का बार कोई रोक नहीं है। हुक्का बार में कोचिंग सेंटरों व कॉलेज के छात्र-छात्राएं अधिक दिखाई देते हैं। युवाओं को नशा परोसने की एवज में हुक्का बार संचालक अच्छी चांदी कूट रहे हैं।


No comments