Breaking News

आधा शहर दो दिन तक रहेगा प्यासा

- ठेकेदार की लापरवाही से डूबा पम्प हाउस, रामलीला मैदान से प्रभावित होगी पेयजल सप्लाई
श्रीगंगानगर। जलदाय विभाग के एक ठेकेदार की लापरवाही से रामलीला मैदान स्थित पम्प हाउस में पानी भर गया। इससे पम्प हाउस के वैक्यूम पम्प डूब गए और शहर का एक बड़ा हिस्सा दो दिन तक पेयजल सप्लाई से वंचित रह सकता है।
जलदाय विभाग ने रामलीला मैदान में पम्प हाउस में संचालन का काम ठेके पर दिया हुआ है। रात के समय मोटरें चलाने व सप्लाई चालू-बंद करने के लिए ठेकेदार ने अपने कारिंदे छोड़ रखे हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात ठेकेदार के कारिन्दों ने नशा कर रखा था। वे नशे में सोये रहे तथा मोटरों व वाल्व को नहीं संभाला। इससे पम्प हाउस में पानी भर गया। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारी ने पम्प हाउस में पानी भरा देख कर ठेकेदार मूलचन्द व उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
विभाग के अधिशासी अभियंता शहर सिकन्दर सिंह गिल ने सुबह मौके पर पहुंच कर इस लापरवाही के लिए ठेकेदार को फटकार लगाई व पानी में डूबी मोटरें और पम्प मरम्मत का काम शुरू करवाया। इस पर ठेकेदार ने पम्प हाउस से रामलीला मैदान में पानी  की निकासी करवाई। बताया जा रहा है कि पम्प हाउस में पानी भरने के लिए मोटरें व पम्प ठीक होने में दो दिन का समय लग सकता है। इस दौरान गुरुनानक बस्ती से लेकर सद्भावना नगर तक का लम्बा चौड़ा एरिया पेयजल सप्लाई से वंचित रह सकता है।
इन कॉलोनियों में नहीं पहुंचेगा पानी
जलदाय विभाग के पम्प हाउस में डेढ़ दर्जन मोटरें लगी हैं। इनमें से 100 हॉर्स पावर की दो, 50-50 हॉर्स पावर की दो, 40 एचपी की एक, 10 एचपी की एक व साढ़े सात हॉर्स पावर की दो मोटरें खराब होना बताया जा रहा है। इन मोटरों को खोल कर सुखाया जा रहा है। एक्सईएन सिकंदर सिंह ने बताया की सूखने के बाद मोटर की वाइडिंग पर वार्निश किया जाएगा। वार्निश सूखने के बाद मोटरें दोबारा फिट हो सकेंगी। इस दौरान गुरुनानक बस्ती, इन्दिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, एन ब्लॉक, नागपाल कॉलोनी, गणगौर नगर, विनोबा बस्ती, मुकर्जी नगर, आदर्श नगर, गांधी नगर, प्रेम नगर, सेतिया कॉलोनी, हरदीप सिंह कॉलोनी, बसंती चौक, जिला अस्पताल के पीछे का एरिया, जगदम्बा कॉलोनी, लालचंद की ढाणी से आगे सद्भावना नगर तक की कॉलोनियों में सप्लाई नहीं दी जा सकेगी।
एक माह में तीसरी घटना
जलदाय विभाग सूत्रों के अनुसार रामलीला मैदान के पम्प हाउस में  लापरवाही की एक माह में यह तीसरी घटना हैं। पहले भी दो बार ठेकेदार के कार्मिकों की लापरवाही से पम्प हाउस में पानी भरने की घटना हो चुकी है। दोनों बार एक सहायक अभियंता के कारण ठेकेदार को बचा लिया गया था। परन्तु इस बार नुकसान ज्यादा हुआ है। इसकी भरपाई ठेकेदार से ही करवाई जाएगी। एक्सईएन ने बताया कि अभी मोटरों की मरम्मत के बाद सप्लाई शुरू करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है। इस दौरान नुक्सान का आकलन भी हो जायेगा। नुकसान की भरपाई मूलचन्द ठेकेदार से ही होगी।


No comments