Breaking News

पत्नी ने की दो युवकों के साथ मिल कर पति की हत्या

- मटीली राठान थाना क्षेत्र की घटना, लाश को नहर में फेंका
श्रीगंगानगर। मटीलीराठान पुलिस थाना क्षेत्र में एक महिला ने दो जनों के साथ मिल कर पति को मौत के घाट उतार दिया। घटना दो दिन पहले की है। आज युवक की लाश मिलने के बाद हत्या की वारदात से पर्दा उठा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक 35 वर्षीय जगदीश मेघवाल पुत्र गोकुलराम मेघवाल निवासी 10 एफ बड़ा बास मिर्जेवाला था। वह दो दिन से लापता था। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच आज सुबह गांव 7 एफ के निकट छोटी नहर में एक युवक की लाश को ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों ने युवक की पहचान जगदीश मेघवाल के रूप में की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से नहर से शव बाहर निकाला और जिला अस्पताल के मुर्दा घर में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर लाठियों से वार करने के निशान है। ऐसे में आशंका है कि जगदीश राम को लाठियों से पीट-पीट कर मारा गया है। सबूत नष्ट करने के लिए जगदीश मेघवाल की लाश को एफ माइनर के निकट छोटी नहर में डाल दिया। इस नहर में पानी कम था। ऐसे में शव आगे बह नहीं सका।
मृतक के पिता गोकुलराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि जगदीश मेघवाल की पत्नी शकुंतला के पालाराम के साथ अवैध संबंध थे। जगदीश इन अवैध संबंधों का विरोध करता था।
ऐसे में पत्नी शकुंतला ने पालाराम पुत्र टीकूराम व श्रवणराम मेघवाल के साथ मिल कर जगदीश मेघवाल की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मृतक की पत्नी शकुंतला, पालाराम व श्रवणराम को राउण्डअप कर लिया गया है। दोनों युवक पालाराम व श्रवणराम भी मृतक के भतीजे ही हैं।


No comments