Breaking News

सावन के पहले सोमवार पर भोलेनाथ का विशेष अभिषेक

- मनोकामना पूर्ति के लिए श्रद्धालुओं ने रखा व्रत
श्रीगंगानगर। सावन के पहले सोमवार के मौके पर भोलेनाथ को रिझाने के लिए शिवालयों में विशेष पूजा अर्चना हुई। सवेरे जल्दी ही श्रद्धालु मन्दिर पहुंचने लगे। यह सिलसिला दोपहर से पहले तक चला।
भोलेनाथ के भक्तों ने ओम बीज मंत्र, ओम नम: शिवाय का उच्चारण करते हुए जल, गंगाजल, दूब, फल, धतूरा, दूध, सुगंध, बेलपत्र, पुष्प, धूप आदि से भगवान शिव का जलाभिषेक कर उन्हें प्रसन्न करने का प्रयास किया। शिव की आराधना 29 जुलाई, पांच व 11 अगस्त को पडऩे वाले सोमवार तक जारी रहेगा। मनोकामना पूर्ति के लिए सावनी सोमवार पर शिव के साधकों ने व्रत भी रखा।
आज शिव भक्तों ने प्राचीन शिवालय शुक्रनाथ की बगीची, अन्ध विद्यालय स्थित शिव मन्दिर, संस्कृत महाविद्यालय स्थित शिवालय, कोढिय़ों वाली पुलिया स्थित शिव मन्दिर, जी ब्लॉक स्थित शिव मन्दिर, नई धान मण्डी स्थित मन्दिर, चहल चौक स्थित गौरीशंकर मन्दिर, अग्रसेन चौक स्थित शिव मन्दिर आदि में जाकर जलाभिषेक किया। पंडित सत्यपाल पाराशर ने बताया कि  सावन में पांच अगस्त सोमवार को नागपंचमी का संयोग बनेगा। इस कारण नागपंचमी का महत्व अधिक हो गया है।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को शक्तिनगर स्थित श्री हनुमान मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ भगवान शिव के पूजन को उमड़ पड़ी। श्रावण का मास शिव को प्रिय है और जलधारा से भक्तों की कामना शीघ्र पूर्ण होती है।


No comments