Breaking News

सरकारी स्कूल में नहीं मिली नोडल शिक्षिका, डीईओ से की शिकायत

- टीकाकरण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को होना पड़ा परेशान
श्रीगंगानगर। खसरा-रुबैला बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रदेशस्तरीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। पहले ही दिन एक सरकारी स्कूल में नोडल शिक्षिका के नहीं आने से स्वास्थ्य विभाग की टीम को टीकाकरण के लिए परेशान होना पड़ा। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से इसकी शिकायत की गई है।
जानकारी के अनुसार पुरानी आबादी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर 2 मेें आज सुबह अभियान के तहत बच्चों में टीकाकरण किया जाना था। स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह जब स्कूल में पहुंची तो मौके पर नोडल शिक्षक नहीं मिला। काफी देर इंतजार के बाद पता चला कि नोडल शिक्षिका अवकाश पर है। इस पर टीम ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।
अधिकारियों ने इस बात पर हैरत जताई कि जब नोडल शिक्षक ही स्कूल में मौजूद नहीं रहेगा तो टीकाकरण अभियान कैसे सफल होगा।
बिना नोडल शिक्षक के स्वास्थ्य विभाग की टीम को स्कूली बच्चों की जानकारी और टीकाकरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कौन उपलब्ध करवाएगा?
बाद में अभियान से जुड़े अधिकारियों ने इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी सुखमहेंद्र सिंह को अवगत करवाया। जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्कूल प्रबंधन से इस बारे में जानकारी ली। संबंधित नोडल शिक्षिका के अभियान वाले दिन ही अवकाश लेने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रबंधन से वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कहा। बाद में अन्य स्टाफ के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीकाकरण किया।


No comments