Breaking News

श्रीगंगानगर के युवक ने ससुराल में किया आत्मदाह

- उपचार के दौरान मौत, पंजाब पुलिस गंगानगर पहुंची
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। गांव 2 जी छोटी के एक युवक ने पंजाब में स्थित अपने ससुराल में बीती रात आत्मदाह कर दिया। जिला सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने आज सुबह दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम करवाने के लिए पंजाब पुलिस अस्पताल में पहुंच गई है।
अबोहर तहसील के खुईखेड़ा पुलिस थाना में नियुक्त एसआई सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक 25 वर्षीय सुरेन्द्र पुत्र हनुमान निवासी 2 जी छोटी था। वह बीती रात गांव झुम्मेवाली में स्थित अपने ससुराल में आया था। ससुराल वालों के मकान के सामने सुरेन्द्र ने खुद को आग लगा ली। चीख पुकार सुन कर ससुराल पक्ष के लोग बाहर आये और अपने दामाद को झुलसते देख कर आग बुझाई। सुरेन्द्र को बीती रात करीब सवा एक बजे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां आज सुबह उसने दम तोड़ दिया।
एसआई सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि श्रीगंगानगर पुलिस ने युवक की मौत की सूचना दी, तो वह शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए पंजाब से रवाना होकर जिला अस्पताल में पहुंचे हैं। अभी परिजनों से जानकारी ली जा रही है। आग दुर्घटनावश लगी या फिर युवक ने खुद को आग लगाई है। इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक युवक श्रीगंगानगर के गोल बाजार में स्थित साइकिलों की दुकान पर नौकरी करता था।


No comments