Breaking News

पैंतीस लाख की ठगी का आरोपी

- नाइजीरियन युवक चार दिन के रिमांड पर
- दिल्ली में परिवार सहित रहता था ठग
- 2014 में वीजा खत्म, फिर भी देश में रह रहा था
श्रीगंगानगर। सदर पुलिस ने 35 लाख रुपए की ठगी के आरोपी नाईजीरियन युवक को आज दोपहर अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जायेगा। पुलिस की टीम ठग को लेकर दिल्ली उसके निवास पर भी जायेगी।
जांच अधिकारी एसआई संदीप जाखड़ ने बताया कि 25 अगस्त 2018 को रिद्धी सिद्धी इन्कलेव निवासी तिलकराज शर्मा ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि उसके मोबाइल पर वाट्सअप पर मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को यूके इंग्लैण्ड की दवा कम्पनी में फार्मासिस्ट बताया और कहाकि उनकी कम्पनी भारत से एक ऑयल खरीद करती है। यह ऑयल कम्पनी को सप्लाई करके मोटा मुनाफा कमा सकते हो।
पहले तो उसने रूचि नहीं ली, लेकिन बाद में व्यापार में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का लालच दिया, तो उसने हां कर दी। उसके पास रिटारमेंट होने के बाद नगदी थी। लालच में आने के बाद उसने मैसेज करने वाले व्यक्ति को 35 लाख 20 हजार 480 रुपए का भुगतान कर दिया। उसे बताया गया था कि जो ऑयल सप्लाई करना है, वह ऑयल नीता शर्मा प्रा. लि. से मिल जायेगा। इस मामले में सैन्द्रा मैरी एएन, कॉलिन्स कोलमैन, जेम्स मोगन व नीता शर्मा ने उससे ठगी कर ली।
जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मनीष जैन पुत्र पारसमल जैन निवासी मीरा नगर भुवाना पुलिस थाना सुखेर उदयपुर, दीपक सेठिया पुत्र गणेशलाल सेठिया निवासी मोनिका कॉम्पलैक्स अम्बा माता उदयपुर को पहले गिरफ्तार कर लिया था। इन लोगो से पूछताछ के मुख्य सूत्रदार नाईजीरियन नागरिक क्रिस्चियन ओएज नवेज निवासी मकान नम्बर 136 ओरल ओवेरी रोड़ ओरला इमो स्टेट लेगोस नाइजीरिया, हाल किरायेदार गली नम्बर 3, विपिन गार्डन एक्सेंटेशन पुलिस थाना मोहन गार्डन द्वारका दिल्ली को गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया। उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया है। फर्जी आईडी से उसने मोबाइल सिम जारी करवाई थी। आरोपी को आज अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
जांच अधिकारी ने बताया कि नाईजीरियन युवक स्टूडेंट वीजा पर नाइजीरिया से भारत आया था। उसके वीजा की अवधि 2014 में ही खत्म हो गई थी। इसके बावजूद वह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहता था। उसके एक वर्ष का बच्चा भी है। वह अपने मोबाइल से ठगी करने के लिए शिकार तलाश करता था। उसके गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।


No comments