Breaking News

मौसम विभाग की चेतावनी-एक सप्ताह तक ऐसे ही तड़पाएगी लू

नौतपा ने तड़पाया, भट्टी के समान तप रहा समूचा इलाका
भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने किए लोगों के हाल बेहाल
श्रीगंगानगर। नौतपा के दौरान समूचे श्रीगंगानगर जिला गर्म भट्टी के समान तप रहा है। प्रचंड गर्मी और भीषण लू की वजह से जिले की हालत गर्म तवे जैसी हो गई है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों की हालत बुरी कर दी है। श्रीगंगानगर में  शुक्रवार को रहे 49.6 डिग्री सेल्सियस तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। लोग गर्मी के कारण बेहाल हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक लू से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। जिले में सात जून तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा।
 एक सप्ताह पूर्व नौतपा आरंभ होने के साथ ही गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे नौतपा के दिन आगे बढ़े, प्रचंड गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए। आलम यह है कि सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़े शुरू हो जाते हैं और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
नौतपा लगने के बाद नौ दिनों तक सूर्य धरती के करीब रहता है, जिसके कारण खूब गर्मी पड़ती है। मान्यता है कि इन नौ दिनों में जितनी अधिक गर्मी पड़ती है, इसके बाद उतनी ही ज्यादा बारिश होती है। भीषण गर्मी के कारण कूलर, पंखे और एसी पनाह मांग रहे हैं। शनिवार को भी गर्मी का दौर जारी रहा।
आज सुबह सूर्योदय के साथ ही भीषण गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर होने तक भीषण गर्मी और लू के कारण घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। नौतपा भले ही तीन जून को समाप्त हो जाएगा लेकिन प्रचंड गर्मी व लू का सिलसिला इसके बाद भी जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक सप्ताह तक गर्मी और लू से राहत की मिलने कोई उम्मीद नहीं है। लू का सिलसिला सात जून तक जारी रहेगा।




No comments