इमरान खान के लिए सांप की खाल से बनाई गई थी सैंडल, वन अधिकारी ने की जब्त
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए सांप की खाल से खास सैंडल बनाने वाला एक प्रसिद्ध जूता निर्माता, वन्यजीव कानून का उल्लंघन करने के कारण परेशानियों में घिर गया है। खैबर पख्तूनख्वा में वन्यजीव विभाग के अफसरों ने शहर के जहांगीर पुरा बाजार में मशहूर जूता निर्माता नूरूद्दीन चाचा की दुकान पर छापा मारा और सांप की चमड़ी से बने दो जोड़े सैंडल जब्त कर लिए जो 'कप्तान स्पेशल चप्पल, के नाम से प्रसिद्ध हैं। इन चप्पलों को ईद के मौके पर पाक प्रधानमंत्री इमरान खान को तोहफे में देने के लिए बनाया गया था। अधिकारियों ने दुकान से एक सेल्समैन को भी गिरफ्तार किया है। जिला वन्य अधिकारी अब्दुल हलीम मरवात ने बताया कि वह ग्राहक के तौर पर नूरुद्दीन की दुकान गए थे और सेल्समैन से सैंडल दिखाने को कहा। उन्हें 40 हजार रुपये कीमत की एक सैंडल दिखाई गई। जब सैंडल की कीमत इतनी अधिक होने के बारे में पूछा गया तो सेल्समैन ने बताया कि इसे सांप की खाल से बनाया गया है और इमरान खान को तोहफे में दिया जाएगा। जांच पड़ताल के बाद सैंडल जब्त कर लिए गए और सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी के अनुसार उचित जांच के लिए सैंडल को प्रयोगशाला में भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जूता निर्माता का दावा है कि दो जोड़े सैंडल बनाने के लिए उन्हें अमेरिका से खाल भेजी गई थी। इनमें एक जोड़ी सैंडल इमरान खान के लिए और एक जोड़ी खाल भेजने वाले के लिए बनानी थी।

No comments