नीरव मोदी ने 5000 पन्नों की चार्जशीट पढऩे के लिए मांगा लैपटॉप
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी ने अपने ऊपर लगे आरोपों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए कोर्ट से लैपटॉप की मांग की है। 13 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी नीरव मोदी ने वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट से कहा कि उन्हें भारत सरकार द्वारा लगाए 5000 पन्नों के आरोपों को पढऩा है, इसलिए उन्हें लैपटॉप मुहैया कराया जाए। नीरव मोदी ने कोर्ट से ये भी कहा कि उन्हें लैपटॉप में इंटरनेट कनेक्शन नहीं चाहिए। इस पर कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले में जो भी हो सकता है वह जरूर करेंगे। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई निर्धारित की गई है। बता दें कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी की चार बार जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। कोर्ट ने कहा है कि नीरव मोदी को जमानत नहीं दी जा सकती क्योंकि वह देश से भाग सकता है। गौरतलब है कि सरकार ने सोमवार को नीरव मोदी के चार बैंक खातों को सीज़ कर दिया था। स्विट्जरलैंड सरकार की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद नीरव मोदी से जुड़े लोग भी उनके अकाउंट में जमा रुपयों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। सरकार की इस कार्रवाई के बाद नीरव मोदी को कुल 6 मिलियन डॉलर की संपत्ति से हाथ धोना पड़ा है।

No comments