Breaking News

स्काइमेट वैदर का अनुमान-आगामी 24 घंटों मेंं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में आंधी, वर्षा संभव

- मौसम विभाग के अनुसार दस जून तक चलती रहेगी लू
श्रीगंगानगर। पश्चिमी विक्षोभ में सक्रियता होने के कारण देश के उत्तर-पश्चिम इलाकों मेंं परिस्थितियां बरसात के अनुकूल हो रही हैं। इस वजह से आगामी चौबीस घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी आने, बादल गरजने  और बरसात होनेे की संभावना बन गई है। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी धूल भरी आंधी के साथ कहीं-कहीं बरसात हो सकती है। इसके विपरीत मौसम विभाग ने दस जून तक लू जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।
 मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काइमेट वेदर  ने यह संभावना व्यक्त की है। स्काइमेट के अनुसार हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से तत्काल राहत नहीं मिलेगी लेकिन बरसात के कारण तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।
स्काइमेट के अनुसार देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश के लिए परिस्थितियां फिर से अनुकूल होती जा रही हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ  पश्चिमी हिमालय तक पहुंचा है। इसका प्रभाव मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में अधिक पडऩे की संभावना है। साथ ही, बंगाल की खाड़ी से आ रही आद्र्र हवाएं नमी ला रही हैं।
मौसमी गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव से पंजाब में बिखरी हुई बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है जबकि उत्तर राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हल्की बारिश के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
इसके विपरीत मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर जिले में दस जून तक लू जारी रहने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार दस जून तक न्यूनतम तापमान भी तीस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है।


No comments