Breaking News

15 साल की उम्र में पहला कत्ल करने वाला अक्षय वसूल चुका है करोड़ों की फिरौती

- कत्ल के 15 मामलों में है वांछित, जॉर्डन हत्याकांड मेंं पूछताछ के लिए श्रीगंगानगर लाएगी पुलिस
श्रीगंगानगर। पंजाब के रोपड़ जिले के नूरपुर बेदी क्षेत्र के गांव ढाहा में गिरफ्तार किए गये 19 साल के गैंगस्टर और सुपारी किलर अक्षय पहलवान ने बचपन में ही पन्द्रह साल की उम्र में एक व्यक्ति का कत्ल कर दिया था। वह अब तक करोड़ों रुपये की फिरौती वसूल चुका है। हत्या के पन्द्रह, हत्या के प्रयास के चार, जबरन वसूली व डकैती के पन्द्रह मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। श्रीगंगानगर पुलिस को वह जॉर्डन हत्याकांड में वांछित है। श्रीगंगानगर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए पूछताछ के लिए लाने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।
पंजाब पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय पहलवान से पॉइंट 32 बोर के तीन पिस्टल और गोली सिक्का बरामद हुआ है। वह हरियाणा पुलिस का 4 लाख तो राजस्थान पुलिस का 60 हजार का इनामी अपराधी है।  सोनीपत के इस गैंगस्टर के संबंध गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई और संपत नेहरा से हैं।
कोर्ट ने अक्षय को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हाल में बटाला में कुछ दिन पहले पकड़ा गया गैंगस्टर शुभम भी इसका दोस्त था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अक्षय नूरपुर बेदी के गांव ढाहां में पिंदरी के घर हथियार लेने पहुंचा हुआ है। उसने पुरानी रंजिश के चलते सोनीपत में एक व्यक्ति का कत्ल करना था।
इस पर डीएसपी आनंदपुर साहिब की अगुवाई में बनाई टीम ने घर पर रेड की। पुलिस को देख अक्षय दीवार फांद नंगे पैर खेतों में भागा। उसने 6-7 फायर पुलिस पर भी किए। पुलिस ने भी जवाब में 3 फायर किए। इसके बाद पुलिस ने उसे धर लिया। पुलिस का अनुमान है कि जेल में बंद संपत नेहरा की मुलाकात पिंदरी से हुई थी और नेहरा ने पहलवान को पिंदरी से संपर्क करने को कहा था।
बचपन में की पहली हत्या
अक्षय  ने पहला कत्ल 15 साल की उम्र में किया था। सोनीपत में ही अपने चाचा को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति का गला काट कर मौत के घाट उतार दिया था।
पशुओं के व्यापारियों से वसूलता था गुंडा टैक्स
अक्षय सोनीपत-यूपी बॉर्डर पर स्थित गांवों के लोग जो पशुओं को यूपी में सप्लाई करते थे, उनसे प्रति पशु 500 रुपए गुंडा टैक्स वसूलता था। अब तक यह 5 करोड़ से अधिक की फिरौती ले चुका है। पहलवान सबसे पहले राजू बसोंदी नाम के एक गैंगस्टर से जुड़ा। उसके साथ मिलकर 3 कत्ल किए। इसके बाद वह पिछले 2 सालों में जेल में बंद लारेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में आया। इनके साथ मिलकर भी इसने 4 कत्ल व 6 हाईवे डकैतियां कीं। आज कल वह बटाला में पकड़े गए गैंगस्टर शुभम के साथ मिलकर वारदातें कर रहा था। पहलवान पर हरियाणा के पूर्व एमएलए के भाई पर फायरिंग करने के भी आरोप हैं।


No comments