Breaking News

'फैनीÓ ने ली छह की जान

- रेल और सड़क यातायात बाधित
नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान फैनी ने ओडिशा के पुरी में दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे यह तूफान पुरी तट से टकराया। तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। भुवनेश्वर में हवाओं की वजह से पेड़ जड़ सहित उखड़ गए हैं। वहीं इसके कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर दोपहर तीन बजे से रात के आठ बचे तक विमानों का परिचालन बंद रहेगा। इसकी वजह से सबसे ज्यादा तीन राज्य ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल प्रभावित रहेंगे। वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में भी इसका असर देखने को मिलेगा। 
तटीय ओडिशा में चक्रवात फैनी की वजह से बारिश और तेज हवाएं चलने के बीच करीब 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। साथ ही लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
ओडिशा के 11 तटीय जिलों के निचले और संवेदनशील इलाकों से करीब 11 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है। इन लोगों को 4,000 शिविरों में ठहराया गया है जिनमें से विशेष रूप से चक्रवात के लिए बनाए गए 880 केंद्र शामिल हैं। यहां रेल, सड़क और हवाई यातायात को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने अब तक 103 ट्रेनों को रद्द किया है। पर्यटकों को निकालने के लिए पुरी से हावड़ा और शालीमार के बीच तीन विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं।
अगले 12 घंटे में चक्रवाती तूफान फैनी पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में पहुंच जाएगा। तब इसकी हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब हो जाएगी। फैनी फिलहाल आंध्र प्रदेश से दूर चला गया है। श्रीकाकुलम जिले के इच्छापुरम शहर में लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है।
उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर शाम को फैनी तूफान का चंदौली में असर दिखाई दिया। यहां शाम छह से सात बजे के बीच आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई।
चुनाव आयोग ने दी छूट
चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी, विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में फैनी तूफान के मद्देनजर होने वाले राहत एवं बचाव कार्य के लिए आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों में छूट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

No comments