Breaking News

जेल प्रहरी की मौत, लाश के साथ पुलिस थाने के समक्ष धरना

- जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद मुल्जिम ने किया था हमला
हनुमानगढ़। नोहर जेल के प्रहरी ने बीती रात दम तोड़ दिया। जेल प्रहरी पर पिछले दिनों जेल में रहे एक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिल कर जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना से आक्रोशित परिजनों व सैकड़ों लोगों ने लाश के साथ आज नोहर पुलिस थाना के समक्ष धरना शुरू कर दिया। इस घटना से पुलिस प्रशासन से हड़कम्प मच गया।
मतगणना छोड़ कर पुलिस कप्तान कालूराम पुलिस अधिकारियों के साथ नोहर पहुंचे। जानकारी के अनुसार मृतक सुखदास निवासी खुईयां था। वह नोहर जेल में प्रहरी था। जेल में सद्दाम नामक एक आरोपी न्यायिक हिरासत में था।
ऐसे में जेल में रहने के दौरान परिजनों से मुलाकात नहीं होने पर सद्दाम, जेल प्रहरी से रंजिश रखने लगा। वह जमानत पर रिहा हो गया। गत दिवस 29 अपे्रल को जेल प्रहरी सुखदास बाइक पर नोहर से अपने घर खुईयां जा रहा था। रास्ते में गांव खोरखाना-डूमासर के बीच सद्दाम अपने साथियों के साथ पिकअप जीप लेकर आया और सुखदास पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में बुरी तरह से घायल सुखदास को हनुमानगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया गया था। इस घटना को लेकर खुईयां पुलिस ने सुखदास के पर्चा बयान पर सद्दाम, लक्ष्य, हुसैन, अजरू पठान, मणी सहित आधा दर्जन पर हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने सद्दाम, लक्ष्य व हुसैन को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि तीन आरोपी भी तक फरार चल रहे हैं।
हमले में घायल जेल प्रहरी सुखदास को बीकानेर से छुट्टी दे दी गई थी। वह घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहा था, लेकिन आज उसकी मौत होने पर परिजनों व सैकड़ों लोगों ने मुकदमे में धारा 302 जोडऩे व फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शव के साथ नोहर पुलिस थाना के समक्ष धरना शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी मिलने पर लोकसभा चुनाव मतगणना में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे एसपी कालूराम, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चारण, खुईयां पुलिस थाना प्रभारी सुरेश मील मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी परिजनों के साथ वार्ता कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक सैकड़ों लोगों की भीड़ शव को लेकर नोहर थाने के समक्ष डटी हुई थी।


No comments