Breaking News

कार्रवाई की मांग पर धान मंडी के गेट को लगाया ताला

पुलिस की समझाइश पर माने, गेट खोला
रायसिंहनगर। नई धान मंडी के मजदूर को बाइक सवार द्वारा टक्कर मारने के मामले ने तूल पकड़ लिया। आक्रोशित मजदूरों ने बुधवार को धान मंडी के मुख्य गेट का ताला लगा कर सड़क मार्ग को जाम कर दिया। विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों से समझाइश की।
मजदूर संगठनों की मांग थी कि मामले में आरोपी की गिरफ्तारी करते हुए घायल के इलाज का खर्च भी आरोपी पक्ष द्वारा वहन किया जाये। बाद में थाना प्रभारी किशन सिंह की मौजूदगी में मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों से वार्ता हुई।
वार्ता में पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर मजदूरों ने जाम खोल दिया। गौरतलब है कि पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाते हुए धर्माराम पुत्र सेवकराम नायक ने 84 आरबी निवासी संजय पुत्र बलराम जाट पर लापरवाही से गाड़ी चला कर टक्कर मारने का आरोप लगाया था। घटना में घायल धन्नाराम को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया था। विरोधस्वरूप धान मंडी के पल्लेदार यूनियन द्वारा आज सुबह धान मंडी के गेट को ताला लगा दिया था। 4 घंटे तक मजदूरों का प्रदर्शन जारी रहा।

No comments