Breaking News

आखिरी समय माहौल गरमाया, काफी मतदाताओं ने मन बनाया

- एक-एक क्षण के सदुपयोग की कोशिश
श्रीगंगानगर। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी चरम पर है। प्रचार का समय समाप्त होने वाला है और अब जाकर माहौल गरमाया है। यह अलग बात है कि काफी मतदाता अपना मन बना चुके हैं। प्रत्याशी, उनके राजनीतिक दल और प्रमुख रणनीतिकार एक-एक क्षण के सदुपयोग की कोशिश कर रहे हैं। कुल मिलाकर श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र में मुकाबला कांटे का माना जा रहा है। मुख्य रूप से टक्कर कांग्रेस के मास्टर भरतराम मेघवाल एवं भाजपा के निहालचंद के बीच है। अब देखना यह है कि सोमवार को किस प्रत्याशी के पक्ष में कितने वोट डलते हैं।
अपने-अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बड़े नेताओं का आगमन भी बढ़ गया है। पर्चे भरवाने के समय अशोक गहलोत, सचिन पायलट एवं वसुंधरा राजे आ चुके हैं। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद शर्मा, वरिष्ठ मंत्री प्रो. बी.डी. कल्ला आए हैं। गहलोत एवं पायलट जन सभाओं के लिए फिर आ रहे हैं। भाजपा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश माथुर, अविनाशराय खन्ना, पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल आदि के कार्यक्रम बनाए गए हैं।
आगे-पीछे पर
अलग-अलग कयास
श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें पांच सादुलशहर, श्रीगंगानगर, श्रीकरणपुर, सूरतगढ़ एवं रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र श्रीगंगानगर जिले के हैं और दो हनुमानगढ़ एवं पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ जिले के।
पूरे चुनावी परिदृश्य पर नजर दौड़ाने पर कहीं कोई आगे नजर आ रहा है तो कहीं कोई। हार-जीत और इसके अंतर को लेकर अपने-अपने कयास हैं और अपने-अपने तर्क।
तो क्या होगा परिणाम
भाजपा उम्मीदवार निहालचंद मेघवाल के गृह क्षेत्र रायसिंहनगर में उनके खिलाफ विरोध के स्वर मुखर हुए हैं। बाजार बंद तक का आह्वान हो चुका। उनके खिलाफ चलाया जा रहा अभियान केसरीसिंहपुर भी पहुंचा है। राजनीति के जानकारों के अनुसार इस विरोध का असर निश्चित रूप से पड़ेगा। यह निहालचंद के पक्ष में जाता है या खिलाफ, अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। विरोध के स्वर तेज होने से भाजपा खेमें में नजर आ रही चिन्ता तो यही दर्शाती है कि वह इस विरोध को गम्भीर मान रही है।
हनुमानगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण
श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र में हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, सर्वाधिक मतदाता यहीं है। संख्या के मामले में वहां का पीलीबंगा दूसरे नम्बर पर आता है। कांग्रेस के उम्मीदवार उसी क्षेत्र के हैं, ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होना तय है। सूरतगढ़, श्रीकरणपुर एवं रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र से भी उनको बढ़त के दावे किए जा रहे हैं। श्रीगंगानगर, संगरिया एवं सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र में पडऩे वाले मत विजेता और जीत के अंतर को तय करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।


No comments