Breaking News

फसल में आग की घटनाओं पर अंकुश के लिए विद्युत अभियंता पाबंद

- फीडर इंचार्ज व लाइन मैन को भी दिये निर्देश
श्रीगंगानगर। इस समय खेतों में रबी सीजन की फसल पकाव पर है और कई जगह फसल की कटाई चल रही है। पिछले वर्षों में इस सीजन में, खेत में खड़ी फसल में आग लगने की घटनाओं के समाचार भी मिलते रहते हैं।
बदलते हुए मौसम और बढ़ते हुए तापमान के कारण आग लगने का कारण कुछ भी हो सकता है, लेकिन कुछ मामले जहां खेतों में खड़ी फसल में से विद्युत लाइनें गुजर रही थी, वहां पर यह बताया जाता है कि उन विद्युत लाइनों में स्पार्किंग होने से पकी हुई फसल या चारे ने आग पकड़ ली।
ऐसे में जोधपुर डिस्कॉम ने अपने सभी फिल्ड अभियंताओं को निर्देशित किया है कि अविलंब, अपने अधिनस्थ विद्युत लाइनों का रखरखाव करें और यह सुनिश्चित करें कि उनके अधिकार क्षेत्र की समस्त विद्युत लाइनें सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की कोई दुर्घटना की संभावना नहीं है।
डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता केके कस्वा ने बताया कि सभी अभियंताओं को अपने अधिनस्थ फीडर इंचार्जेज को भी पाबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों में कहा गया है कि फीडर इंचार्ज ग्राम पंचायत के सरपंच और अन्य मौजिज लोगों के निरंतर सम्पर्क में रहें और यदि कहीं से इस प्रकार की घटना की सूचना प्राप्त होती है, तो तुरंत उचित कदम उठाएं और यदि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक हो तो अविलंब उस क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराएं।
कृषक भी रखें ध्यान
अधीक्षण अभियंता केके कस्वां ने सभी अभियंताओं व फीडर इंचार्ज को अपने अधिनस्थ कृषि उपभोक्ताओं को भी यह सूचित करने के लिए कहा है कि कृषक अपने खेतों में जहां पर विद्युत लाइनें गुजर रही हैं। वहां पर अधिक ऊंचाई की 'कंबाइंन मशीनÓ का इस्तेमाल नहीं करें। यदि कम्बाई मशीन चलानी पड़े तो इससे पूर्व, अपने क्षेत्र के लाइनमैंन या फीडर इंचार्ज से संपर्क कर ऐसी विद्युत लाइनों को बंद करवा लें, ताकि किसी प्रकार की विद्युत जनित दुर्घटना की संभावना नहीं रहे।


No comments